LPG vs LNG: जानें दोनों में कौन बेहतर है और क्यों
LPG vs LNG: होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे अहम तेल और गैस मार्गों में से एक है। करीब 20% वैश्विक तेल इसी रास्ते से गुजरता है। भारत के लिए यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि हमारे तेल और गैस के बड़े हिस्से का आयात यहीं से होता है। अगर यहां कोई रुकावट आती है तो असर सीधे देश पर पड़ता है।
अभी ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच तनाव बढ़ने से जहाजों की आवाजाही धीमी हो गई है और कुछ टैंकर फंसे हुए हैं। हालांकि सरकार ने भरोसा दिलाया है कि देश के पास पर्याप्त तेल और गैस का स्टॉक मौजूद है।
पेट्रोल-डीजल पर राहत का कदम
सरकार ने आम लोगों की जेब पर असर कम करने के लिए पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी ₹10 प्रति लीटर घटाई है। इसका मकसद कीमतों को स्थिर रखना और आम नागरिक को वित्तीय बोझ से बचाना है।
सबसे ज्यादा असर आपके किचन पर
भारत अपने एलपीजी (लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस) की लगभग 60% जरूरत आयात करता है, जिसमें से करीब 90% होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते आता है। इसलिए अगर यह मार्ग प्रभावित होता है तो सबसे पहले असर आपके घर के गैस सिलेंडर पर पड़ सकता है।
एलपीजी और एलएनजी में फर्क जानें
एलएनजी (लिक्विफाइड नेचुरल गैस) – फैक्ट्रियों, बिजली और बड़े औद्योगिक कामों में इस्तेमाल होती है। इसे बहुत ठंडा करके तरल बनाया जाता है और फिर पाइपलाइन या जहाजों के जरिए सप्लाई किया जाता है। इसे वापस गैस में बदलने की प्रक्रिया को रिगैसिफिकेशन कहते हैं।
- एलपीजी – वही गैस जो आपके किचन में सिलेंडर के रूप में आती है। इसे आसानी से दबाव में तरल करके घर तक पहुंचाया जा सकता है।
- सीधा असर: एलएनजी से फैक्ट्रियों पर असर पड़ता है जबकि एलपीजी का असर सीधे आपके घर और खाना बनाने पर पड़ता है।
क्या सिलेंडर महंगा या कम उपलब्ध हो सकता है?
अगर युद्ध लंबा चलता है तो एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि या डिलीवरी में देरी हो सकती है। मगर सरकार ने घरेलू उत्पादन बढ़ाया है और दूसरे देशों से भी गैस मंगवाई जा रही है ताकि सप्लाई बनी रहे।
वहीं पीएनजी की सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। यह सीधे पाइपलाइन के जरिए घर तक पहुंचती है, इसलिए इसमें ट्रक या बॉटलिंग जैसी लॉजिस्टिक बाधाएं नहीं आतीं।
आपको क्या करना चाहिए?
अभी किसी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है। बेवजह सिलेंडर स्टॉक करने या बुक करने से असली समस्या बढ़ सकती है। सरकार हालात पर नजर बनाए हुए है।
LPG सिलेंडर से गैस निकल रही है, ये गलती जानलेवा साबित हो सकती है, फौरन करें ये काम
आपको बता दें कि वैश्विक घटनाओं का असर अब सिर्फ वहां तक सीमित नहीं रहता। चाहे मिडिल ईस्ट में तनाव हो या कोई अन्य घटना, इसका असर धीरे-धीरे आपके घर और बजट तक पहुंच सकता है।

