मऊ में सपा कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप, अखिलेश यादव से निष्पक्ष जांच की मांग
EELA INDIA NEWS
मऊ। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. अमरजीत यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को खुला पत्र लिखकर मऊ के जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने जिला नेतृत्व पर कार्यकर्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
डॉ. अमरजीत यादव का आरोप है कि घोसी सांसद राजीव राय से जुड़े विवाद के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज होने और उनकी क्लीनिक बंद कराए जाने की शिकायतों पर जिला नेतृत्व ने अपेक्षित हस्तक्षेप नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में जिलाध्यक्ष से संपर्क कर कार्यकर्ताओं की समस्याओं को पार्टी के आधिकारिक लेटरपैड पर दर्ज कर शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने का अनुरोध किया गया था, लेकिन सकारात्मक पहल नहीं हुई।
खुले पत्र में उन्होंने मऊ के नगर निकाय चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन, टिकट वितरण और संगठन की कार्यशैली की समीक्षा कराने की भी मांग की है। साथ ही कहा है कि बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनी जाएं और यदि किसी पदाधिकारी की लापरवाही प्रमाणित होती है, तो पार्टी के नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए।
UP चुनाव 2027: अखिलेश का ‘मास्टरस्ट्रोक’! सीट बंटवारे पर बोले ऐसी बात, हिल गया सियासी गलियारा
डॉ. अमरजीत यादव ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य पार्टी को कमजोर करना नहीं, बल्कि संगठन में कार्यकर्ताओं का सम्मान, जवाबदेही और न्याय सुनिश्चित करना है। इन आरोपों पर संबंधित नेताओं का पक्ष सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

